
शाहरुख़ हवाई अड्डे पर हुई पूछताछ से काफ़ी आहत दिखे.
अमरीकी कस्टम अधिकारियों ने इससे इनकार किया है कि हिंदी फ़िल्मों के सुपरस्टार शाहरुख़ ख़ान को हिरासत में लिया था.
हालाँकि उन्होंने ये स्वीकार किया है कि उनसे 66 मिनट तक पूछताछ की गई और कहा है ये विदेशी यात्रियों की जाँच प्रक्रिया का हिस्सा है.
दूसरी ओर भारत सरकार ने शाहरुख़ ख़ान को दो घंटे तक कथित तौर पर हिरासत में लिए जाने पर अमरीका से स्पष्टीकरण मांगा है.
शाहरुख़ ख़ान के मुताबिक़ शिकागो जाते समय उन्हें नेवार्क हवाई अड्डे पर रोका गया और पूछताछ की गई. अमरीका स्थित भारतीय दूतावास के हस्तक्षेप के बाद शाहरुख़ को छोड़ा गया.
समाचार एजेंसी एपी के मुताबिक़ अमरीकी कस्टम ब्यूरो और सीमा सुरक्षा के प्रवक्ता एल्मर कमाचो ने कहा कि पूछताछ एजेंसी के नियमित प्रक्रिया का हिस्सा है, जिसके तहत विदेशी यात्रियों की जाँच की जाती है.
लेकिन भारत में अमरीकी दूत टिमूथी रोमर ने कहा है कि दूतावास इस मामले की पड़ताल कर रहा है.
दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा, "शाहरुख़ ख़ान अभिनेता और अंतरराष्ट्रीय स्टार हैं. उनका अमरीका में स्वागत है. कई अमरीकी उनकी फ़िल्मों को पसंद करते हैं."
उन्होंने बताया कि दूतावास ये जानने के लिए तथ्यों का पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि क्या हुआ था. इस बीच शाहरुख़ के साथ हुए बर्ताव पर भारत में कड़ी प्रतिक्रिया हुई है.
ऐसा मेरे साथ भी हुआ है. अब तो जिस तरह वे हमारी जाँच करते हैं उसी तरह हमें भी अमरीकियों की जाँच करनी चाहिए.
अंबिका सोनी
सूचना और प्रसारण मंत्री अंबिका सोनी ने भी हवाई अड्डों पर अमरीकी सुरक्षा अधिकारियों के रवैए की आलोचना की है.
शाहरुख़ के मामले पर उनका कहना था, "ऐसा मेरे साथ भी हुआ है. अब तो जिस तरह वे हमारी जाँच करते हैं उसी तरह हमें भी अमरीकियों की जाँच करनी चाहिए."
शाहरुख़ को भारतीय समय के मुताबिक़ शुक्रवार देर रात न्यू जर्सी के नेवार्क हवाई अड्डे पर लगभग दो घंटे तक रोका गया और अलग कमरे में ले जाकर उनसे पूछताछ की गई. वे शिकागो जा रहे थे.
मेरे नाम के आगे ख़ान जुड़ा है और मुझे लगता है कि जांच के लिए बनाई गई सूची में इसका ज़िक्र है.
शाहरुख़ ख़ान
भारतीय विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा है कि मामले का पता चलते ही वहाँ स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने हस्तक्षेप किया और शाहरुख़ से संपर्क किया गया.
बाद में शाहरुख़ को छोड़ दिया गया और वे तय कार्यक्रम के मुताबिक़ स्वतंत्रता दिवस पर दक्षिण एशियाई समारोह में हिस्सा लेने पहुँचे.
शाहरुख़ ने इस घटना पर ग़ुस्से और दुख का इज़हार किया है. उन्होंने कहा कि मुसलमान होने के कारण उनके साथ इस तरह का बर्ताव किया गया.
ग़ुस्से में शाहरुख़

शाहरुख़ ने कहा कि वे पूरे प्रकरण से आहत हैं.
शाहरुख़ ने कहा है कि वे पूरे प्रकरण से आहत हैं. उन्होंने कहा, "मुझे हवाई अड्डे पर परेशान किया गया. इसकी कोई ज़रूरत नहीं थी. मैं बहुत आहत महसूस कर रहा हूँ."
हवाई अड्डे से जाने के बाद उन्होंने अटलांटिक सिटी में कंसर्ट में हिस्सा लिया. उन्होंने वहाँ अपने प्रशंसकों से कहा, "मुझे हवाई अड्डे पर रोका गया. शायद इसलिए कि मेरे नाम के आगे ख़ान जुड़ा है."
उनका कहना था, "मुझे लगता है कि जाँच के लिए बनाई गई सूची में इसका ज़िक्र है."
शाहरुख़ के मुताबिक़ उन्होंने अधिकारियों से कई बार कहा कि वे एक फ़िल्मस्टार हैं और हाल ही में शूटिंग के लिए अमरीका आए हैं लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने इस पर कोई ध्यान नहीं दिया.
उन्होंने कहा, "मैं पहले भी अमरीका आने में हिचकता रहा हूँ. ये तो संयोग ही है कि मैं अपने परिवार के साथ नहीं आया."
प्रतिक्रिया
अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने कहा है कि शाहरुख़ के साथ जो भी हुआ उससे वो आहत हैं.
उन्होंने कहा, "ये अपमानजनक और स्तब्ध कर देने वाला है. मैं ये नहीं कहती कि शाहरुख़ की जाँच मत करो क्योंकि वो पूरी दुनिया में मशहूर एक्टर है लेकिन सिर्फ़ इसलिए रोकना कि उनके नाम में ख़ान जुड़ा है बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है."
अमरीका में जाँच के कड़े प्रावधान हैं. तभी तो 9/11 के बाद कोई चरमपंथी घटना नहीं हुई. ये तो सबके साथ होता है. इसे तूल नहीं देना चाहिए.
सलमान ख़ान
वहीं सलमान ख़ान का कहना है कि ये कोई बड़ा मुद्दा नहीं है.
उन्होंने पत्रकारों से कहा, "अमरीका में जाँच के कड़े प्रावधान हैं. तभी तो 9/11 के बाद कोई चरमपंथी घटना नहीं हुई. ये तो सबके साथ होता है. इसे तूल नहीं देना चाहिए."
दूसरी ओर कांग्रेस पार्टी के नेता राजीव शुक्ला का कहना था कि शाहरुख़ ने मुझे हवाई अड्डे से ही संदेश भेजा था. वो काफ़ी परेशान लग रहे थे. ये दुर्भाग्यपूर्ण था.















