किसानों को मिलेगी डीज़ल सब्सिडी
मॉनसून के मौसम में उम्मीदों के मुताबिक बारिश नहीं होने से केंद्र सरकार चिंतित है.

केंद्रीय कृषि मंत्री शरद पवार ने असामान्य बारिश को देखते हुए धान की खेती करने वाले किसानों को एक हज़ार करोड़ रूपए की डीज़ल सब्सिडी देने की घोषणा की है.
यह इस साल के खरीफ़ फ़सलों पर लागू होगी.
ये फ़ैसला केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में लिया गया है. शरद पवार ने इसकी जानकारी देते हुए कहा, ये सुविधा सिर्फ़ वैसे किसानों को मिलेगी जिनके पास डीज़ल से चलने वाला पंप है.
उन्होंने कहा कि इस बार धान की खेती दो तरह से प्रभावित हुई है.
शरद पवार ने कहा, "धान की खेती जितने इलाके में होती थी उसमें कमी आई है. इसके अलावा जहां धान की बुआई हुई भी है वहां पैदावार कम होने की आशंका है."
केंद्र सरकार ने गन्ने की फ़सल में कमी के मद्देनज़र चीनी के आयात को शुल्कमुक्त करने की घोषणा की है. शरद पवार ने राज्यसभा में माना कि बारिश में कमी के कारण गन्ने की खेती पर भी असर पड़ा है.






















