'अर्थव्यवस्था में सुधार की संभावना लेकिन...'

बेन बरनानके
इमेज कैप्शन, बरनानके ने उम्मीद जताई है कि अर्थव्यवस्था में जल्दी ही सुधार की संभावनाएं हैं.
प्रकाशित

अमरीकी फ़ेडरल रिज़र्व के प्रमुख बेन बरनानके ने कहा है कि अर्थव्यवस्था में सुधार की अच्छी संभावनाएं हैं लेकिन साथ ही चेतावनी दी कि अभी भी कुछ महत्वपूर्ण चुनौतियां बाकी हैं.

बरनानके ने दुनिया भर के बैंकरों के एक सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि निकट भविष्य में अर्थव्यवस्था के सुधरने की बेहतर संभावनाएं बन रही हैं.

उनका कहना था कि अमरीका और दुनिया भर में अर्थव्यवस्था की गतिविधियों को देखकर कहा जा सकता है कि परिस्थितियां स्थिर हो रही हैं यानि अब इसका ख़राब होना रुक गया है.

उन्होंने उम्मीद जताई कि अब विकास होने की संभावनाएं भी दिखने लगी हैं लेकिन साथ ही कहा कि यह प्रक्रिया बहुत धीमी होगी.

अभी भी कई परिवार और छोटी कंपनियों को क्रेडिट मिलने में दिक्कत हो रही है और बैंकों को नुकसान हो रहा है.

बरनानके ने कहा कि बेरोज़गारी धीरे धीरे कम होगी.

बरनानके ने जिस तरह का सावधानीपूर्वक रवैया अपनाया है वैसा ही रुख इसी बैठक में यूरोप के सेंट्रल बैंक के अध्यक्ष जां क्लाउड त्रिचेट के भाषण में भी देखने को मिला.

त्रिचेट का कहना था कि वो इन सुझावों को सुनकर थोड़ा अटपटा महसूस करते हैं कि अर्थव्यवस्था सामान्य हो रही है. उनका कहना था कि अभी भी बहुत काम करने की ज़रुरत है.

हालांकि त्रिचेट ने माना कि इस बात के प्रमाण मिल रहे हैं कि अर्थव्यवस्था में सुधार की गुंज़ाइश बन रही है. फ्रांस, जर्मनी और जापान जैसी बड़ी अर्थव्यवस्था के साल के दूसरी छमाही के आकड़ों से पता चल रहा है कि सुधार की प्रक्रिया शुरु हो चुकी है.

इससे पहले अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष के मुख्य आर्थिक विशेषज्ञ ने भी कहा था कि अर्थव्यवस्था में सुधार शुरु हो गया है लेकिन इसे जारी रखना बड़ी चुनौती होगी.

फ़ेडरल रिज़र्व के प्रमुख बरनानके के बयान के बाद बाज़ारों में तेज़ी देखी गई है और शेयरों की क़ीमतें बढ़ी हैं. वैसे भी पिछले दिनों अमरीका में घरों की बिक्री में बढ़ोतरी की ख़बरें आई हैं जिससे उम्मीदें जगी हैं कि अर्थव्यवस्था में जल्दी ही सुधार हो सकेगा.