'जिन्न' पर तंग करने का आरोप

सऊदी अरब के एक परिवार ने ‘जिन्न’ पर चोरी करने और तंग करने का आरोप लगाते हुए मुक़दमा दायर किया है.
‘अल वतन’ अख़बार में प्रकाशित ख़बर के मुताबिक़ इस परिवार ने ‘जिन्न’ पर तंग करने, घर में पत्थर फ़ेकने और मोबाइल फ़ोन चुराने का आरोप लगाया है.
‘जिन्न’ पर मुक़दमा करने वाला परिवार मदीना के पास पिछले 15 साल से रह रहा था. उसका कहना है कि इस ‘जिन्न’ के बारे में उन्हें हाल में ही पता चला.
स्थानीय अदालत इस मामले की जाँच-पड़ताल कर रही है. इस्लामिक मान्यता के मुताबिक़ ‘जिन्न’ किसी भी व्यक्ति को तंग कर सकता है और उसे काबू में कर सकता है.
मुक़दमा दायर करने वाले परिवार के मुखिया ने अख़बार को बताया, “ हमें अनजानी आवाज़ें सुनाई दे रही थीं.”
उन्होंने कहा, “ पहले तो हमनें इसे गंभीरता से नहीं लिया लेकिन बाद में अनजानी गतिविधियाँ होने लगीं और ‘जिन्न’ पत्थर फेकने लगा, इससे बच्चे डर गए.”
उन्होंने बताया, “ पहले हमें एक महिला और बाद में एक पुरुष ने मकान खाली कर देने की सलाह दी.”
अदालत ने कहा है कि वह काफ़ी कठिनाई के बाद भी इस मामले की सत्यता जानने की कोशिश कर रही है.
‘जिन्न’ को अरबी कहानियों के मशहूर पात्र अलादीन के साथ जोड़कर देखा जाता है. अलादीन के जादुई चिराग से ‘जिन्न’ निकलता था.
बीबीसी संवाददाता स्बैस्टियन उसर का कहना है कि इस्लामिक मान्यताओं के मुताबिक़ ‘जिन्न’ को अशुभ माना जाता है.
ऐसी मान्यता है कि ‘जिन्न’लोगों को दिखते नहीं हैं लेकिन वे जानवर या इंसान का किसी का भी रूप धारण कर सकते हैं.


























