ब्रिटिश किशोर शराब पीने में आगे

एक अंतरराष्ट्रीय सर्वेक्षण के अनुसार ब्रिटन के किशोरियाँ शराब पीकर बहकने में औद्योगिक जगत के अन्य देशों के मुक़ाबले सबसे आगे हैं.
आर्थिक सहयोग और विकास संगठन की रिपोर्ट का कहना है कि शराब पीने के स्तर में यह बढ़ोतरी विशेष रूप से लड़कियों के अधिक पीने से हुई है.
रिपोर्ट कहती है कि ब्रिटन में पंद्रह साल की लड़कियाँ लड़कों की अपेक्षा अधिक पीती हैं.
इस रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि ब्रिटन के युवा आर्थिक रूप से बेहतर स्थिति में हैं और स्कूलों में भी उनकी स्थिति बेहतर है.
ब्रिटन के किशोर बेहतर स्थिति में
इस अंतरराष्ट्रीय अध्ययन में युवाओं के जीवन के विभिन्न पहलुओं का अध्ययन किया गया है. जो दिखाता है कि ब्रिटन में किशोरों को बहुत सहयोग मिलता है, औसत से अधिक सरकारी आर्थिक सहायता उपलब्ध है, वो एक अच्छा स्कूली जीवन बिताते हैं और निर्धनता भी कम है.
लेकिन फिर भी अपने व्यक्तिगत जीवन में ब्रिटन के युवा शराब का अधिक सेवन करते हैं और गर्भ धारण करने में ब्रिटिश किशोरियाँ आगे हैं.
ब्रिटेन के किशोरों के शराब पीने के आंकड़े अमरीका, फ़्रांस और इटली के मुक़ाबले दोगुने हैं और किशोरियों में यह अंतर और भी अधिक है.
जोखिम उठाने की प्रवृत्ति
इस रिपोर्ट के सह लेखक डॉमिनीक रिचर्डसन कहते हैं, “ब्रिटन के किशोरों में यह अंतर इसलिए है क्योंकि वो जोखिम अधिक उठाते हैं.”
जहाँ तक शराब के सेवन का सवाल है ब्रिटन के युवा कम उम्र में इसका प्रयोग शुरु करते हैं और वह भी अपने दोस्तों के साथ. जबकि फ़्रांस और इटली में किशोर पारिवारिक वातावरण में शराब का सेवन शुरु करते हैं इसलिए उनके शराब पीकर धुत्त होने की संभावना कम रहती है.
डॉमिनीक रिचर्डसन कहते हैं, “यह सब उचित शिक्षा पर निर्भर करता है”.
इंगलैंड की बाल मंत्री डॉन प्राइमारोलो कहती हैं, “यह जानकर बड़ी निराशा हुई कि ब्रिटन के किशोरों में जोख़िम भरा व्यवहार अधिक देखने को मिला.”
लेकिन उन्होने कहा कि अधिक से अधिक युवाओं को एक स्वस्थ, सुरक्षित और ज़िम्मेदाराना जीवन जीने के लिए प्रोत्साहन दिया जा रहा है.
जिसके परिणाम भी देखने को मिल रहे हैं.


























