'वॉक आउट के मद्देनज़र पर्याप्त व्यवस्था'

एयर इंडिया ने कहा है कि उसने कुछ कर्मचारियों के दो घंटे तक काम न करने के फ़ैसले के मद्देनज़र पर्याप्त व्यवस्था की है ताकि कामकाज पर कोई असर न पड़े.
एयर इंडिया के कुछ कर्मचारी वेतन मिलने में देरी के कारण दोपहर एक बजे से तीन बजे तक काम का बहिष्कार करने जा रहे हैं.
मुंबई में पत्रकारों से बातचीत में एयर इंडिया के एक प्रवक्ता ने कहा, "एयर इंडिया ने इस प्रस्तावित आंदोलन के मद्देनज़र सभी ज़रूरी क़दम उठाए हैं ताकि यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो."
उन्होंने बताया कि हवाई अड्डे पर कामकाज सामान्य रहे, इसके लिए व्यवस्था की गई है.
देरी
गुरुवार को एयर इंडिया कर्मचारी यूनियन के एक गुट ने दो घंटे के वॉक आउट की घोषणा की थी.
कर्मचारी वेतन मिलने में देरी से नाराज़ हैं और इस मुद्दे पर अपना विरोध दर्ज करना चाहते हैं.
जून के आख़िर में एयर इंडिया प्रबंधन ने निचले स्तर के कर्मचारियों को तीन जुलाई तक वेतन देने की घोषणा की थी.
उड्डयन उद्योग कर्मचारी गिल्ड और वायु निगम कर्मचारी संगठन ने भी शुक्रवार को प्रबंधन के साथ होने वाली बैठक का बहिष्कार करने की धमकी दी है.


























