बागमती नदी का तटबंध टूटा
- Author, मणिकांत ठाकुर
- पदनाम, बीबीसी संवाददाता, पटना
- प्रकाशित
बिहार में बागमती नदी का दायाँ तटबंध टूट गया है. तटबंध में 60 मीटर लंबी दरार आई है. शनिवार सुबह तटबंध में आई दरार के कारण नदी का पानी रुन्नी सैदपुर प्रखंड की पाँच पंचायतों में फैल गया है.

इस कारण बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हुए हैं. ये जानकारी राज्य के जल संसाधन विभाग के बाढ़ पर्यवेक्षक इंदुभूषण कुमार ने बीबीसी को दी.
उनके अनुसार ये तटबंध पिलत ताजपुर गाँव के पास टूटा है. उन्होंने बताया कि अभी तक यही सूचना है कि असामाजिक तत्वों ने बाँध काट दिया था.
जलसंसाधन विभाग के प्रधान सचिव अजय नायक समेत कई विभागीय अभियंता मौक़े पर पहुँच गए हैं.
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि किस स्थिति में यह बाँध टूटा- इसकी गहराई से जाँच कराई जाएगी. मुख्यमंत्री के निर्देश पर तिरहुत रेंज के उच्च प्रशासनिक अधिकारी मामले की जाँच कर रहे हैं.
बताया जा रहा है कि उफनती बागमती नदी की धारा आगे जाकर अपनी पुरानी धारा में मिल जाएगी. इसलिए बड़े इलाक़े में नुक़सान की आशंका नहीं है.
उधर उत्तर बिहार और नेपाल के जलग्रहण क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से हो रही भारी बारिश के कारण लगभग सभी नदियों का जल स्तर ऊपर चढ़ गया है.






















