'सईद के ख़िलाफ़ पर्याप्त सबूत सौंपे हैं'

एसएम कृष्णा
इमेज कैप्शन, एसएम कृष्णा के मुताबिक पाकिस्तान भारत के धैर्य की परीक्षा ले रहा है
प्रकाशित

भारतीय विदेश मंत्री एसएम कृष्णा ने कहा है कि मुंबई हमलों के 'प्रमुख साजिशकर्ता' हाफ़िज़ मोहम्मद सईद और अन्य के ख़िलाफ़ पर्याप्त सबूत हैं.

उन्होंने सोमवार को नई दिल्ली में पत्रकारों से कहा कि पाकिस्तान सरकार को यह दिखाना होगा कि वो हमलों के पीछे रहे लोगों को सज़ा दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है.

एसएम कृष्णा ने कहा कि पाकिस्तान में मुंबई हमलों के संबंध जो प्रक्रिया चल रही है वो भारत के धैर्य की परीक्षा लेने जैसा है.

उन्होंने कहा, "हमने सभी सबूत सौंप दिए हैं. हमने उन्हें पाँच और 13 मार्च, 20 मई, नौ जून और एक अगस्त को डॉसियर दिए हैं. मुझे नहीं पता वो हमसे और क्या चाहते हैं."

भारतीय विदेश मंत्री ने कहा, "अगर उनके पास इच्छाशक्ति है, प्रतिबद्धता है तो उन्हें मुंबई में हुए जघन्य हमले के साजिशकर्ताओं पर नकेल कसनी चाहिए."

इससे पहले भारत के गृह मंत्री पी चिदंबरम ने भी कहा था कि डॉसियर में हाफ़िज़ सईद के ख़िलाफ़ पर्याप्त सबूत दिए गए हैं.

उनका बयान ऐसे समय में आया है जब पाकिस्तानी अदालत ने हाफ़िज़ सईद के ख़िलाफ़ सुनवाई अनिश्चितकाल के लिए टाल दी है.

मामले की सुनवाई पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट में चल रही है.

बीबीसी संवाददाता शहज़ाद मलिक के मुताबिक सरकार ने कहा है कि उसे मामले में अभी और वक़्त चाहिए.

हाफ़िज़ सईद के वकील के मुताबिक गृह मंत्री रहमान मलिक कह चुके हैं कि इस बात का कोई सबूत नहीं है कि हाफ़िज़ मुंबई हमलों में शामिल थे.