वीरभद्र सिंह के ख़िलाफ़ मामला

वीरभद्र सिंह
इमेज कैप्शन, वीरभद्र सिंह ने इस मामले को राजनीति से प्रेरित बताया है
प्रकाशित

केंद्रीय इस्पात मंत्री वीरभद्र सिंह और उनकी पत्नी के ख़िलाफ़ हिमाचल प्रदेश राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने मंगलवार को भ्रष्ट्राचार का मामला दर्ज किया है.

दूसरी ओर वीरभद्र सिंह ने इस मामले को घटिया षड्यंत्र बताते हुए कहा है कि उनके ख़िलाफ़ दर्ज की गई एफ़आईआर राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित है.

वीरभद्र सिंह के अनुसार ऐसा उनकी और कांग्रेस की छवि को नुक़सान पहुंचाने के लिए किया जा रहा है.

उल्लेखनीय है कि हिमाचल में भारतीय जनता पार्टी की सरकार है और वीरभद्र सिंह कांग्रेस नेतृत्ववाली सरकार में केंद्रीय मंत्री हैं.

इधर, हिमाचल प्रदेश की भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो का कहना है कि यह मामला हिमाचलप्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के पूर्व अध्यक्ष एसएम कटवाल की शिकायत और पूर्व परिवहन मंत्री विजय सिंह मनकोटिया की सीडी के आधार पर दर्ज किया गया है. कांगेस के ही पूर्व मंत्री मनकोटिया ने धर्मशाला में एक ऑडियो सीडी जारी की थी.

इस सीडी में पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, उनकी पत्नी प्रतिभा सिंह और शिमला के पूर्व अधिकारी महेंद्र लाल के बीच हुई कथित लेनदेन की बातचीत दर्ज थी.

पुलिस ने सीडी और आवाज़ के नमूनों की जांच के लिए उसे चंडीगढ़ स्थित केंद्रीय फॉरेंसिक प्रयोगशाला में भेजा है.

वीरभद्र सिंह इस सीडी को नक़ली बताते हैं और कहते हैं कि उन्होंने मनकोटिया के ख़िलाफ़ आपराधिक मानहानि का दावा कर रखा है.