कश्मीर में मुठभेड़, नौ मरे

भारत प्रशासित कश्मीर में पिछले चौबीस घंटों में अलग अलग स्थानों पर हुई छह मुठभेड़ों में नौ चरमपंथी मारे गए हैं.
सेना के एक प्रवक्ता ने बुधवार को बताया कि कश्मीर घाटी में सुरक्षा बलों और चरमपंथियों के बीच चार अलग अलग मुठभेड़ों में पाँच चरमपंथी मारे गए हैं.
उधर जम्मू में एक मुठभेड़ में हिज़्बुल मुजाहिदीन का एक स्वयंभू कमांडर मारा गया है और जम्मू में ही घुसपैठ की कोशिश कर रहा एक घुसपैठिया भी मारा गया है.
डोडा में मारे गए चरमपंथी की पहचान नूर मोहम्मद उर्फ़ मंसूर के रुप में की गई है जो हिज़्बुल का स्वयंभू कमांडर था. उसके पास से एके 47 और कारतूस बरामद हुआ है.
पुंछ सेक्टर में भी सुरक्षा बलों और चरमपंथियों के बीच एक अन्य मुठभेड़ में एक चरमपंथी मारा गया है. पुंछ में चरमपंथी नियंत्रण रेखा पार करने की कोशिश कर रहे थे जब सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें चुनौती दी और मुठभेड़ हुई.






















