स्वाइन फ़्लू: मृतकों की संख्या 24 हुई

स्वाइन फ़्लू
इमेज कैप्शन, स्वाइन फ़्लू की जाँच अब निजी जाँचघरों में भी होगी.
प्रकाशित

भारत में स्वाइन फ़्लू से मरने वालों की संख्या बढ़ कर 24 हो गई है.

गुरुवार देर रात पुणे में एक महिला ने और रायपुर में एक लड़के ने इस बीमारी से दम तोड़ दिया.

अब सरकार निजी जाँच घरों को स्वाइन फ़्लू का टेस्ट करने के लिए प्रशिक्षण दे रही है.

पुणे में 70 वर्षीय महिला पारूभाई शिंदे ने गुरुवार देर रात दम तोड़ दिया. इसके साथ ही पुणे में मृतकों की संख्या 15 तक पहुंच गई है जो स्वाइन फ्लू से सर्वाधिक प्रभावित है.

उधर, छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में इस बीमारी से मौत का पहला मामला सामने आया है. रायपुर में 18 वर्षीय सीताराम वर्मा की मौत हो गई. अधिकारियों के मुताबिक वो निमोनिया और गले के संक्रमण से भी पीड़ित थे.

डॉक्टरों के मुताबिक सीताराम हाल ही में पुणे से लौटा था लेकिन वह एच वन एन वन से संक्रमित था या नहीं इसका पता नहीं लगा है. सीताराम के नमूने जाँच के लिए दिल्ली भेजे गए हैं लेकिन अभी तक रिपोर्ट नहीं आई है.

स्वाइन फ़्लू से मरने वालों की संख्या बढ़ता देख केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने निजी जाँचघरों को नमूनों की जाँच के लिए प्रशिक्षित करने का फ़ैसला किया है.

बैठक में मौजूद नेशनल इंस्टीट्यूट आफ कम्युनिकेबल डिजीज के एक अधिकारी ने बताया, "पहले हम उन्हें पुष्टि के लिए पहले से ही जांचे गए दस नमूने देंगे और यदि वे सही परिणाम देते हैं तो हम उसके बाद कॉमर्शियल नमूने उपलब्ध कराने की दिशा में आगे बढ़ेंगे."