फ़ुटबॉल मैच के बाद हिंसा
कोलकाता के पूर्वोत्तर में स्थित राजरहाट इलाक़े में दो क्लबों के बीच हुए फ़ुटबॉल मैच के बाद जमकर हिंसा हुई है. लोगों ने गोलीबारी की और आसपास के कई घरों को आग लगा दी.

पुलिस के मुताबिक़ गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई है और कई घायल हैं. पुलिस का कहना है कि मैदान पर गोलीबारी हुई और बम भी फेंके गए.
पुलिस उप महानिरीक्षक एसएन गुप्ता ने पत्रकारों को बताया, "गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई और कम से कम 15 अन्य घायल हुए हैं."
गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत के बाद इलाक़े में हिंसा और बढ़ गई. ग़ुस्साए लोगों ने पास ही में स्थित एक रिसोर्ट 'वैदिक विलेज' में आग लगा दी.
आरोप
लोगों का आरोप था कि हमलावरों ने इसी रिसोर्ट में पनाह ली है. पुलिस अधिकारी एसएन गुप्ता ने बताया कि मौक़े पर फ़ायर ब्रिगेड की गाड़ियाँ भेज दी गई हैं और इलाक़े में रैपिड एक्शन फ़ोर्स को भी तैनात किया गया है.
घटना उस समय हुई जब एक टीम फ़ुटबॉल प्रतियोगिता के सेमी फ़ाइनल में हुई हार पचा नहीं पाई.
आरोप है कि हारी हुई टीम के समर्थक अपराधियों के साथ मैदान में आए और गोलीबारी शुरू कर दी. साथ ही उन्होंने मैदान में बम भी फेंके.
पुलिस का कहना है कि इस मामले में 10 लोगों को गिरफ़्तार किया गया है और जल्द ही और लोगों की गिरफ़्तारी होगी.


























