पाकिस्तान में 14 सुरक्षाकर्मी मारे गए

पाकिस्तान में हमला
इमेज कैप्शन, स्वात में जारी सैन्य कार्रवाई के बीच ये दूसरा आत्मघाती हमला है.
प्रकाशित

पाकिस्तान में अधिकारियों का कहना है कि सूबा सरहद के स्वात ज़िले में हुए एक आत्मघाती हमले में 14 सुरक्षाकर्मी मारे गए हैं जबकि कई घायल हैं.

ये हमला रविवार को मिंगोरा शहर के पुराने पुलिस स्टेशन परिसर में हुआ.

एक सुरक्षाकर्मी ने बीबीसी को बताया कि एक आत्मघाती हमलावर ने उस समय ख़ुद का धमाके से उड़ा दिया जब वहाँ विशेष पुलिस बल का प्रशिक्षण चल रहा था.

सूबा सरहद के सूचना मंत्री मियाँ इफ़्तिख़ार हुसैन का कहना है कि हमले में 14 सुरक्षाकर्मी मारे गए हैं जबकि हमले के समय पुलिस स्टेशन में 70 के लोग मौजूद थे.

'चरमपंथियों पर क़ाबू नहीं'

मियाँ इफ़्तिख़ार हुसैन का कहना है, "अब भी स्वात में चरमपंथियों पर क़ाबू नहीं पाया गया है इसलिए यहाँ इस तरह के हमलों की आशंका है."

मिंगोरा के एक सुरक्षाकर्मी के मुताबिक़ घायलों को सैयदो शरीफ़ अस्पताल पहुँचा दिया गया है. जहाँ पर कई की हालत नाज़ुक बताई जा रही है.

स्थानीय लोगों का कहना है कि धमाके के तुरंत बाद इलाक़े में अफ़रातफ़री मच गई और लोगों ने अपनी दुकाने बंद कर दी, जबकि कई इलाक़ों से ज़बरदस्त फ़ायरिंग की आवाज़े सुनी जा रही हैं.

ग़ौरतलब है कि स्वात में जारी फ़ौजी कार्रवाई की कामयाबी के दावों के बाद ये अपनी तरह का दूसरा आत्मघाती हमला है.

हालाँकि स्वात में तालेबान के हमलों में कमी आई है लेकिन स्वात के विभिन्न इलाक़ों में पिछले एक महीने में एक सौ से अधिक शव मिले हैं और छिटपुट हिंसा की घटनाएँ जारी हैं.