दुर्घटनाग्रस्त विमान के शवों की पहचान

एयर फ़्रांस का मलबा
इमेज कैप्शन, ब्राज़ील के उत्तरी शहर रेसीफ़ शवों और विमान के मलबे की जाँच-पड़ताल हो रही है
प्रकाशित

ब्राज़ील के अधिकारियों ने कहा है कि तीन हफ़्तों पहले दुर्घटनाग्रस्त हुए एयर फ़्रांस के विमान से जो 50 शव बरामद हुए हैं उनमें से पहले 11 शवों की पहचान हो गई है.

उस दुर्घटना में 228 लोगों की मौत हो गई थी.

अधिकारियों के अनुसार जिन शवों की पहचान हुई है उनमें से 10 ब्राज़ीलियाई और एक विदेशी नागरिक है. इसके अलावा कोई और जानकारी नहीं दी गई है.

एयरबस ए330 विमान एक जून को अटलांटिक महासागर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था.

वैसे उस विमान का ब्लैक बॉक्स अभी तक नहीं मिला है और दुर्घटना की वजह पर अभी तक रहस्य बना हुआ है.

कई देशों के खोजी दल अभी तक दुर्घटना वाले इलाक़े में ब्लैक बॉक्स खोजने में लगे हैं.

जाँचकर्ता ब्राज़ील के उत्तरी शहर रेसीफ़ में एक केंद्र बनाए हुए हैं और वहीं शवों और विमान के मलबे की जाँच-पड़ताल कर रहे हैं.

वजह अस्पष्ट

एयर फ़्रांस विमान के पीछे का हिस्सा
इमेज कैप्शन, एयर फ़्रांस विमान के पीछे का हिस्सा अटलांटिक महासागर में कुछ दिनों पहले मिला था

स्थानीय अधिकारियों ने बताया, "पहचाने गए लोगों में से पाँच ब्राज़ीलियाई पुरुष, पाँच ब्राज़ीलियाई महिलाएँ और एक विदेशी पुरुष है."

रियो डे जेनेरो से पेरिस के लिए उड़ान भर रहे विमान की दुर्घटना की वजह को लेकर अभी तक अटकलें ही लग रही हैं.

अभी तक विश्लेषक इसी बात पर ध्यान केंद्रित किए हैं कि विमान की गति मापने वाले यंत्र की ख़राबी की वजह से दुर्घटना होने की कितनी संभावना है.

विमान के वे यंत्र काम नहीं कर रहे थे और कहा जा रहा है कि जब विमान ख़राब मौसम से गुज़रा तो गति का सही अंदाज़ा नहीं हो सका और विमान दुर्घटना हो गई.

दुर्घटना से ठीक पहले विमान की गति के आँकड़े काफ़ी ऊपर नीचे मिले हैं.