यमन का विमान दुर्घटनाग्रस्त
यमन का एक विमान कोमोरोस द्वीप के निकट हिंद महासागर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया है.

विमान में 153 लोग सवार थे जिनमें से कुछ के शव मिल गए हैं. ये पता नहीं है कि इस दुर्घटना में कोई जीवित भी बचा या नहीं. यमनिया एयरलाइन के इस विमान एयरबस-310 ने यमन की राजधानी सना से कोमोरोस की राजधानी मोरोनी के लिए उड़ान भरी थी. इसे भारतीय समय के मुताबिक सुबह लगभग पाँच बजे मोरोनी पहुँचना था. कोमोरोस के उप राष्ट्रपति इदि नधोहिम ने समाचार एजेंसी रॉयटर्स से कहा, "हमें नहीं मालूम कि विमान में सवार 150 लोगों में से कोई जीवित बचा है या नहीं." उन्होंने बताया कि मंगलवार तड़के ये हादसा हुआ. हालांकि उन्होंने विस्तार से कुछ नहीं बताया. कोमोरोस पुलिस के मुताबिक उनके पास समुद्र में राहत और बचाव कार्य चलाने की क्षमता नहीं है. इसी महीने एक जून को फ़्रांसीसी विमान ब्राज़ील से उड़ान भरने के बाद अटलांटिक महासागर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था और उसमें सवार सभी 228 लोग मारे गए थे.






















