'बढ़ेगा भारत के साथ सहयोग'

हिलेरी क्लिंटन
इमेज कैप्शन, हिलेरी क्लिंटन अगले हफ़्ते भारत दौरे पर जाएंगी
प्रकाशित

अमरीकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने कहा है कि वह भारत के साथ संबंधों को नई ऊँचाई पर ले जाने की कोशिश करेंगी.

हिलेरी विदेश मंत्री बनने के बाद अगले हफ़्ते भारत की अपनी पहली यात्रा की तैयारी कर रही हैं.

उन्होंने वाशिंगटन में पत्रकारों से कहा, "हम भारतीय सहयोगियों के साथ दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझीदारी का विस्तार करने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं."

उनका कहना था, "ये मेरी उम्मीद है कि मेरे भारत दौरे हम इस तरह की घोषणा कर पाएंगे. इस दौरान हम दोनो देशों को प्रभावित करने वाले साझा मुद्दों पर मिल जुल कर काम करेंगे."

हिलेरी क्लिंटन का कहना था, "भारत और अमरीका के रिश्ते पिछले पंद्रह वर्षों में काफ़ी आगे बढ़े हैं और मुझे बहुत उम्मीद है कि हम इसी रास्ते में आगे बढ़ते रहेंगे."

उन्होंने भारत को तेज़ी से उभरती हुई महाशक्ति बताया.

नया अवसर

अमरीकी विदेश मंत्री के मुताबिक भारत की नई सरकार ग़रीबी कम करने, विकास तेज़ करने और रोज़गार के अवसर मुहैया कराने के लिए घरेलू एजेंडे पर प्रतिबद्ध है.

उन्होंने कहा कि चुनावों में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को स्पष्ट जनादेश मिलने के बाद अमरीका के पास द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाने का नया अवसर मिला है.

हिलेरी ने कहा कि जलवायु परिवर्तन, अफ़ग़ानिस्तान और विज्ञान ऐसे क्षेत्र हैं जहां भारत के साथ नए सिरे से सहयोग की संभावना है.

उन्होंने बताया कि वो भारत और अमरीका के बीच द्विपक्षीय निवेश संधि पर बातचीत शुरु कराने की कोशिश करेंगी.

कुछ विश्लेषकों का मानना है कि अमरीकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने अपने कार्यकाल के शुरुआती समय में भारत को प्रमुखता नहीं दी जबकि भारत के पड़ोसी देश पाकिस्तान पर उन्होंने विशेष ध्यान दिया है.