देश-विदेश की कुछ अन्य सुर्खियां

रविवार को जहां तालेबान की ओर से जारी बंधक अमरीकी सैनिक का वीडियो जारी होना ख़बरों में आया वहीं सूखे की स्थिति के पास पहुंचते भारत से लगे पाकिस्तान में कराची बारिश के बाद संकट की स्थिति में है.
देश और दुनिया की कुछ ऐसी ही ख़ास ख़बरों पर, आइए डालते हैं एक नज़र...
बंधक सैनिक के वीडियो की निंदा
अमरीकी सेना ने तालेबान के उस वीडियो की निंदा की है, जिसमें एक अमरीकी सैनिक को अफ़ग़ानिस्तान में बंधक दिखाया गया था.
सेना के प्रवक्ता का कहना है कि ये वीडियो अंतरराष्ट्रीय क़ानूनों का उल्लंघन है. अमरीकी रक्षा विभाग पेंटागन ने भी माना है कि वीडियो में दिखाया गया शख्स उनका लापता सैनिक ही है.
वीडियो में सैनिक को तालेबान के कब्ज़े में रहते हुए दिखाया गया है और वो अपील कर रहा है कि उसे जल्द से जल्द मुक्त कराया जाए.
अफ़ग़ानिस्तानः हवाई हादसे में 16 मरे
दक्षिणी अफ़ग़ानिस्तान में एक असैनिक हैलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने से कम से कम 16 लोग मारे गए और पाँच अन्य घायल हो गए.
हादसा उस समय हुआ जब हैलीकॉप्टर उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नैटो) के कांधार स्थित शिविर से उड़ान भर रहा था. नैटो ने स्पष्ट किया है कि अभी तक की जानकारी को देखते हुए ऐसा नहीं लगता कि दुर्घटना के पीछे किसी चरमपंथी कोशिश का हाथ हो सकता है.
बताया जा रहा है कि 16 मृतकों के अलावा हादसे में कम से कम पाँच लोग घायल भी हो गए हैं.
यह एक ही सप्ताह में दूसरा ऐसा हादसा है. मंगलवार को ऐसी ही एक घटना में हेलमंद प्रांत में एक हैलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था जिसमें कम से कम छह लोगों की मौत हो गई थी.
बर्माः रिहा हुए विपक्षी नेता
बर्मा में नेशनल लीग फ़ॉर डेमोक्रेसी (एनएलडी) के 50 से अधिक सदस्यों को रविवार को रिहा कर दिया गया है.
इन लोगों को शनिवार को ही हिरासत में लिया गया था. एनएलडी के दर्ज़नों कार्यकर्ताओं को उस समय हिरासत में लिया गया जब वे बर्मा को आज़ादी दिलाने वाले नेता ऑन्ग सान की कब्र पर जाने की कोशिश कर रहे थे.
बर्मा में लगातार लोकतांत्रिक सरकार की बहाली के प्रयास जारी हैं पर सैनिक शासन की ओर से ऐसे प्रयासों को रोकने का काम भी चलता रहता है.
मानवाधिकार उल्लंघनों और लोकतांत्रिक आंदोलन को रोकने के तरीकों को लेकर बर्मा के सैन्य शासन की अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी आलोचना हो चुकी है.
पाकिस्तानः भारी बारिश से 25 मरे

भारत में एक बड़ा हिस्सा मानसून में देरी की शिकायत से परेशान है पर पड़ोस के देश पाकिस्तान में बारिश इतनी हुई है कि कहर बरपा रही है.
पाकिस्तान के दक्षिणी शहर कराची में मॉनसून की भारी बारिश से कम से कम 25 लोगों की मौत हो गई.
अधिकारियों का कहना है कि अधिकतर मौतें मकानों की दीवार गिरने और बिजली जनित हादसों से हुई हैं. शहर के निचले इलाक़ों में पानी भरा हुआ है और शनिवार से शहर के अधिकांश हिस्से में बिजली गुल है.
पहले इम्तिहान में इराक़ पास
इराक़ से अमरीकी सैनिकों की वापसी के बाद सबसे बड़ा सवाल यह था कि क्या इराक़ का सुरक्षातंत्र देश में लोगों को चरमपंथी हमलों या बिगड़े हालातों में सुरक्षा दे पाएगा.
इसका पहला बड़ा टेस्ट एक तरह से रविवार को इराक़ी सुरक्षाबलों ने पास कर लिया है.
इराक़ की राजधानी बगदाद में शियाओं के एक धार्मिक कार्यक्रम को शांतिपूर्वक निपटाने के लिए सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की गई थी. भारी भीड़ वाले इस कार्यक्रम का समापन शांतिपूर्वक, बिना किसी हिंसा की घटना के हो गया.
पिछले महीने इराक़ के शहरों से अमरीकी सैनिकों के हटने के बाद इराक़ी सुरक्षा बलों का ये सबसे कड़ा इम्तिहान था. मूसा-अल-कदीम की दरगाह पर क़रीब 50 लाख शियाओं ने शिरकत की.


























