ईरान के उप राष्ट्रपति बर्ख़ास्त

प्रकाशित

ईरान के सर्वोच्च धार्मिक नेता आयतुल्ला अली ख़ामनेई के आदेश पर राष्ट्रपति महमूद अहमदीनेजाद ने उप राष्ट्रपति इसफ़ंदियार रहीम मशाई को बर्ख़ास्त कर दिया है. मशाई को हाल ही में उप राष्ट्रपति नियुक्त किया गया था.

मशाई और महमूद अहमदीनेजाद
इमेज कैप्शन, मशाई हाल ही में उप राष्ट्रपति नियुक्त किए गए हैं

माना जा रहा है कि आयतुल्ला अली ख़ामनेई और अन्य कट्टरपंथी मौलवी मशाई के पिछले साल दिए एक बयान से नाराज़ हैं, जिसमें उन्होंने कहा था कि ईरान इसराइली लोगों का दोस्त है.

ये भी माना जा रहा है कि आयतुल्ला अली ख़ामनेई ने मशाई को बर्ख़ास्त करने के आदेश वाली चिट्ठी कई दिन पहले भेजी थी.

लेकिन राष्ट्रपति महमूद अहमदीनेजाद की ओर से इस मामले में चल रहे प्रतिरोध के बाद अब ये बात सार्वजनिक हुई है.

ईरान के सरकारी टेलीविज़न का कहना है कि आयतुल्ला अली ख़ामनेई ने राष्ट्रपति अहमदीनेजाद को स्पष्ट संदेश दिया है. उन्होंने अपने पत्र में कहा है- इस नियुक्ति को रद्द करने की घोषणा करना ज़रूरी है. मशाई की नियुक्ति आपके और सरकार के हित के ख़िलाफ़ है.

ईरान मामलों के बीबीसी के विश्लेषक का मानना है कि ईरान के सत्ताधारी कट्टरपंथियों में मतभेद का ये असाधारण संकेत है.

मशाई के बयान पर बवाल पिछले साल ही शुरू हुआ था, जब उन्हें ये कहते हुए बताया गया कि ईरानी लोग इसराइली लोगों के दोस्त हैं हालाँकि दोनों देशों की सरकारों में टकराव है. मशाई उस समय पर्यटन मंत्री थे.