इराक़ में हमला,21 की मौत

इराक़ में पुलिस ने कहा है कि आत्मघाती हमले में कम से कम 21 लोग मारे गए हैं. ये हमले दो आत्मघाती हमलावरों ने किए. सिंजर कस्बे के एक कैफ़े में हुए हमले में 30 लोग घायल भी हुए हैं.
सिंजर बग़दाद से 390 किलोमीटर की दूरी पर है.
पुलिस और अस्पताल अधिकारियों ने एपी को बताया कि कैफ़े में युवाओं की भीड़ रहती है. सीरिया की सीमा के पास बसा सिंजर मूलत यज़ीदी बहुल इलाक़ा है.
हिंसा में बढ़ोत्तरी
यज़ीदियों का संबंध एक पुराने धार्मिक समुदाय से है. इराक़ में इस समुदाय के लोगों पर काफ़ी बार हमले हो चुके हैं.
अगस्त 2007 में सिंजर इलाक़े में यज़ीदियों पर हुए हमले में 400 लोग मारे गए थे.
ये लोग ईरान, रूस और तुर्की में रहते हैं लेकिन सबसे ज़्यादा संख्या उत्तरी इराक़ में है. इनकी कुल जनसंख्या करीब पाँच लाख है.
एक महीने पहले अमरीकी सेना इराक़ी शहरों से हट गई है और सुरक्षा का ज़िम्मा इराक़ी सुरक्षाबलों को सौंप दिया गया है. इसके बाद से वहाँ हिंसा में बढ़ोत्तरी हुई है.
इसी हफ़्ते मूसल शहर के पास एक शिया बहुल गाँव में भी बमबारी हुई थी जिसमें कम से कम 28 लोग मारे गए थे. उसी दिन बग़दाद में भी 18 लोगों की मौत हुई थी.
.


























