ओल्मर्ट के ख़िलाफ़ चार्जशीट

इसराइल के पूर्व प्रधानमंत्री एहुद ओल्मर्ट के ख़िलाफ़ भ्रष्टाचार के तीन मामलों में आरोप पत्र दायर किए गए हैं.
इसराइल के महान्यायवादी ने रविवार को इसकी घोषणा की.
इसराइली इतिहास में पहली बार कोई पूर्व प्रधानमंत्री आपराधिक मुक़दमे का सामना कर रहा है.
ओल्मर्ट पर कई मामलों में भ्रष्टाचार के आरोप हैं, लेकिन उन्होंने हर आरोप का खंडन किया है.
उल्लेखनीय है कि अपने ख़िलाफ़ भ्रष्टाचार के कुछ मामलों में जाँच जारी रहने के कारण ही ओल्मर्ट पिछले वर्ष प्रधानमंत्री पद से इस्तीफ़ा देने को बाध्य हुए थे.
ओल्मर्ट पर लगने वाले सारे आरोप तब के हैं जब वे यरुशलम के मेयर थे, या सरकार में मंत्री थी. वर्ष 2006 में प्रधानमंत्री बनने के बाद के दिनों का कोई भी आरोप नहीं है.
ताज़ा घटनाक्रम पर उनके प्रवक्ता ने कहा,"ओल्मर्ट को पूरा विश्वास है कि अदालत में वे अपने को निर्दोष साबित कर सकेंगे."
आरोप
इसराइल के एटॉर्नी जनरल मेनाहेम मज़ूज़ ने एक बयान में कहा है कि ओल्मर्ट के ख़िलाफ़ चार्जशीट येरुशलम की ज़िला अदालत में दायर की गई है.
ओल्मर्ट के ख़िलाफ़ दायर आरोप पत्र में अमरीकी व्यवसायी मॉरिस तैलैन्स्की से लाख़ों डॉलर की नक़दी स्वीकार करने का आरोप भी शामिल है.
ओल्मर्ट तैलैन्स्की से पैसे लेने की बात मानते हैं, लेकिन उनका कहना है कि वो वैध राजनीतिक चंदे के रूप में था.
एक अन्य मामला यात्रा भत्ते में गोलमाल का है. तीसरा मामला पद का अनुचित लाभ उठाने का है. ओल्मर्ट पर आरोप है कि उन्होंने उद्योग मंत्री रहते हुए अपने एक दोस्त को फ़ायदा पहुँचाया.
ओल्मर्ट के निजी सचिव शुला ज़केन के ख़िलाफ़ भी भ्रष्टाचार मामले में आरोप पत्र दायर किया गया है.


























