मेयरों के अहम ने पेरिस में सड़क जाम की

फ्रांस की राजधानी पेरिस की दो बस्तियों के मेयरों की नाक की लड़ाई की वजह से अजीब स्थिति पैदा हो गई और एक सड़क पर अराजकता के हालात बन गए.
दरअसल इन दोनों मेयरों के बीच पुरानी दुश्मनी है और उन्होंने एक ही सड़क को सिर्फ़ एक तरफ़ जाने वाला रास्ता क़रार दे दिया, लेकिन दोनों ने ही विपरीत दिशा में इस सड़क को एक तरफ़ जाने वाला रास्ता घोषित किया.
यानी एक मेयर ने यातायात को एक तरफ़ जाने को कहा तो दूसरे मेयर ने उसी लड़क पर दूसरी दिशा में यातायात जाने को कहा और विपरीत दिशाओं में दोनों मेयरों ने यातायात रोकने को कह दिया.
इस सड़क का नाम डी-909 है. लेवालॉइस पेरे नामक बस्ती के कंज़रवेटिव मेयर पैट्रिक बालकनी ने इस सड़क पर लगे जाम को कम करने के लिए एकतरफ़ा रास्ता घोषित कर दिया.
लेकिन पड़ोसी बस्ती क्लिशी ला गरीनी के समाजवादी मेयर गिलेस कैटोइरे ने कहा कि उस सड़क को एक तरफ़ा रास्ता घोषित किए जाने के बाद वहाँ ट्रैफ़िक जाम की स्थिति और ख़राब हो गई थी इसलिए उन्होंने उस सड़को विपरीत दिशा में एकतरफ़ा रास्ता घोषित कर दिया.
इस तरह एक ही सड़क पर विपरीत दिशा में जाने के यातायात चिन्ह लगा दिए गए जिन्हें देखकर वाहन चालकों में भ्रम की स्थिति पैदा हो गई. परिणाम हुआ कि सड़क बिल्कुल जाम हो गई.
इस समस्या को हल करने के लिए स्थानीय पुलिस के साथ-साथ राष्ट्रीय पुलिस की भी तैनाती करनी पड़ी.
समाचार एजेंसी एएफ़पी के अनुसार क्लिची के डिप्टी मेयर एलेन फ़ॉरनियर का कहना था, "जो क्लिची ने किया वो कोई दीर्घकालीन समाधान नहीं है लेकिन वो क़दम लेवालॉयस शहर के एकतरफ़ा फ़ैसले की प्रतिक्रिया स्वरूप किया गया था."
लेकिन पैट्रिक बालकनी का कहना था, "क्लिची के मेयर ने ऐसा क़दम उठाया था जो बिल्कुल अनुचित था और उस क़दम से ख़ुद उनके बस्तीवालों की भावनाएँ आहत हुई हैं और उन्हें बहुत बुरा लगा है."
पेरिस को जाने वाली इस सड़क पर इन दोनों बस्तियों के हज़ारों लोग रोज़ाना सफ़र करते हैं इसलिए इन दोनों मेयरों के इस टकराव की वजह से उन्हें बेहद मुश्किल का सामना करना पड़ा.


























