बैतुल्ला के एक प्रमुख आलोचक की हत्या

पाकिस्तान में सक्रिय तहरीके तालेबान के नेता बैतुल्ला महसूद के एक प्रमुख आलोचक क़ारी ज़ैनुद्दीन की देश के पश्चिमोत्तर में स्थित डेरा इस्माइल ख़ान में हत्या कर दी गई है. क़ारी ज़ैनुद्दीन बैतुल्ला महसूद की नीतियों के मुखर आलोचक थे और उनकी आत्मघाती हमलों को ज़रिए पाकिस्तान के आम नागरिकों को निशाना बनाने की रणनीति से सहमत नहीं थे और इसे ग़ैर-इस्लामी मानते थे. ज़ैनुद्दीन 26 वर्ष के थे और उन्हें उनके ही एक अंगरक्षक ने गोली मार दी.
वज़ीरिस्तान में हमला
उधर पाकिस्तानी ख़ुफ़िया एजेंसी के एक अधिकारी के अनुसार एक अमरीकी टोही विमान ने बैतुल्ला महसूद का गढ़ माने जाने वाले दक्षिणी वज़ीरिस्तान के इलाक़े में मिसाइल हमला किया है.
इस समय पाकिस्तानी सेना महसूद के समर्थक तालेबान लड़ाकों के ख़िलाफ़ सैन्य अभियान शुरु करने की तैयारी में हैं और कुछ समाचार एजेंसियों के अनुसार क़ारी ज़ैनुद्दीन ने इस अभियान में मदद देने की बात कही थी. जॉन हॉपकिंस विश्वविद्यालय के प्रोफ़ेसर हसन अस्करी ने समाचार एजेंसी एएफ़पी को बताया, "ये घटना दर्शाती है कि बैतुल्ला महसूद दक्षिणी वज़ीरिस्तान में अपने प्रतिद्वंद्वियों को ख़त्म करने की क्षमता रखते हैं. इससे ये भी पता चलता है कि दक्षिणी वज़ीरिस्तान में सैन्य कार्रवाई के शुरु होने के बाद भी उनकी ताकत और लड़ने की क्षमता कम नहीं हुई है." समाचार एजेंसी एपी के अनुसार उस इलाक़े के एक पुलिस अधिकारी बाहावल ख़ान और ज़ैनुद्दीन के एक रिश्तेदार शेर मोहम्मद ने उनकी मौत की पुष्टि की है.






















