स्वात में विस्थापितों की वापसी

पाकिस्तान सरकार ने स्वात से विस्थापितों को वापस भेजना शुरू कर दिया है. इस अभियान के दौरान लगभग 20 लाख लोग विस्थापित हुए थे.
पहले चरण में सेना की देखरेख में सोमवार को लोगों को शिविरों से वापस घरों में भेजा जा रहा है.
बीबीसी संवाददाता का कहना है कि इन लोगों को अभी कई महीने तक सहायता की आवश्कता पड़ेगी.
इसके पहले पाकिस्तान के प्रधानमंत्री यूसुफ़ रज़ा गिलानी ने देश के पश्चिमोत्तर से विस्थापित हुए लोगों से अनुरोध किया था कि वे अब अपने घर लौट जाएँ.
उन्होंने बताया था कि 13 जुलाई से चार चरणों में विस्थापितों की घर वापसी का कार्यक्रम शुरु हो रहा है.
प्रधानमंत्री यूसुफ़ रज़ा गिलानी का कहना था कि स्वात, बुनेर और अपर दीर क्षेत्रों से चरमपंथी के भगा दिया गया है.
अधिकारियों का कहना है कि उन इलाक़ों से सैकड़ों परिवार पहले ही घर लौटने लगे हैं.
हालांकि अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सेना घाटी में रहेगी ताकि तालेबान दोबारा उस क्षेत्र पर कब्ज़ा न कर पाएँ.


























