पाक कूटनयिक नियाज़ नायक की मौत

पाकिस्तान के पूर्व विदेश सचिव नियाज़ नाइक शनिवार को इस्लामाबाद स्थित अपने घर पर मृत पाए गए.
पाकिस्तान पुलिस को संदेह है कि शायद उनकी हत्या की गई थी.
नियाज़ नाइक 1999 के करगिल संकट के दौरान भारत के साथ 'परदे के पीछे की कूटनीति' में सक्रिय रहे थे.
पाकिस्तान पुलिस का कहना है कि ऐसा लगता है कि नियाज़ नाइक की मौत तीन या चार दिन पहले हुई थी.
नियाज़ नाइक 82 साल के थे और अविवाहित थे. वो इस्लामाबाद स्थित अपने घर पर अकेले रहते थे.
स्थानीय लोगों ने शव की दुर्गंध आने पर पुलिस को सूचित किया और उसके बाद उनके शव का पोस्टमार्टम किया गया.
पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ़ मेडिकल साइंसेज़ के कार्यकारी निदेशक मेहनाजिल सिराज के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उनके शरीर पर चोटों की पुष्टि हुई है.
नियाज़ नाइक 1999 में करगिल संघर्ष के दौरान ऑब्ज़र्वर अख़बार समूह के चेयरमैन दिवंगत आरके मिश्रा के साथ 'बैक चैनल डिप्लोमेसी' में शामिल रहे थे.
नियाज़ नाइक 1992 से 96 तक पाकिस्तान के विदेश सचिव और वो भारत में पाकिस्तान के उच्चायुक्त भी रहे थे.


























