उत्तर कोरिया की टीम खेलेगी विश्व कप

उत्तर कोरिया के खिलाड़ी
इमेज कैप्शन, उत्तर कोरिया की टीम 1966 के बाद पहली बार विश्व कप में पहुंची है
प्रकाशित

उत्तर कोरिया ने 1966 के बाद पहली बार फुटबॉल के विश्व कप के लिए क्वालिफाई कर लिया है.

2010 में दक्षिण अफ्रीका में होने वाले विश्व कप में उत्तर कोरिया एशिया से क्वालिफाई करने वाली चौथी टीम होगी. इससे पहले ऑस्ट्रेलिया, जापान और दक्षिण कोरिया विश्व कप के लिए क्वालिफाई कर चुके हैं.

इससे पहले 1966 के विश्व कप के लीग मैचों में उत्तर कोरिया ने सबसे बड़ा उलटफेर करते हुए इटली को हराया था.

लीग मैचों में ईरान दक्षिण कोरिया को हरा नहीं सका था जिसके बाद उत्तर कोरिया को क्वालिफाई करने के लिए ड्रा की ज़रुरत थी. रियाद में सऊदी अरब के साथ मैच में उत्तर कोरिया को मैच ड्रा करना था और वो इसमें सफल रहे.

बुधवार को किंग फहद इंटरनेशनल स्टेडियम में हुए इस मैच में सऊदी अरब ने उत्तर कोरिया पर शुरआत में दबाव बनाए रखा लेकिन उत्तर कोरिया के गोलकीपर री म्योंग गुक ने कई शानदार बचाव करते हुए टीम की उम्मीदें जीवित रखीं.

आखिरी मिनटों में उत्तर कोरिया के किम योंग जुन को लाल कार्ड दिखाया गया लेकिन तब तक वो मैच ड्रा करने में सफल हो चुके थे.

सऊदी अरब के पास विश्व कप में क्वालिफाई करने के लिए अभी एक मौका और है जहां उसे बहरीन के साथ खेलना है. ये दोनों टीमें दो बार आपस में खेलेंगी और जो जीतेगा उसका मुकाबला न्यूज़ीलैंड के साथ अक्तूबर और नवंबर में होगा.