हरभजन सिंह: 300 नॉट आउट

प्रकाशित

भारत के चर्चित स्पिनर हरभजन सिंह 300 टेस्ट विकेट लेने वाले गेंदबाज़ों के क्लब में शामिल हो गए हैं. ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ नागपुर टेस्ट के दूसरे दिन भज्जी ने यह उपलब्धि हासिल की.

हरभजन सिंह
इमेज कैप्शन, भज्जी 300 विकेट लेने वाले गेंदबाज़ बने

ऑस्ट्रेलिया के कप्तान रिकी पोंटिंग हरभजन सिंह के 300वें शिकार बने. हरभजन सिंह 300 या उससे ज़्यादा विकेट लेने वाले सिर्फ़ तीसरे भारतीय गेंदबाज़ हैं.

जबकि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ये कारनामा करने वाले वे 22वें गेंदबाज़ हैं. भारतीय खिलाड़ियों में उनसे पहले कपिल देव और अनिल कुंबले ने यह कारनामा किया था.

कपिल देव ने 131 टेस्ट के अपने करियर में 434 विकेट लिए. जबकि हाल ही में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने वाले अनिल कुंबले ने 132 टेस्ट मैचों में 619 विकेट लिए हैं.

कुंबले के बाद भारतीय स्पिन आक्रमण का नेतृत्व कर रहे हरभजन सिंह का ये 72वाँ टेस्ट मैच है. स्पिनरों में देखा जाए तो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 300 या ज़्यादा विकेट लेने वाले वे सिर्फ़ पाँचवें स्पिनर हैं.

हरभजन सिंह से पहले मुथैया मुरलीधरन, शेन वॉर्न, अनिल कुंबले और लांस गिब्स ने ये उपलब्धि हासिल की है.

हरभजन सिंह ने अपने टेस्ट करियर की शुरुआत बंगलौर में ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ मार्च 1998 में की थी. भज्जी ने 175 एक दिवसीय मैच भी खेले हैं और 195 विकेट लिए हैं.