आईसीसी टीम में भारतीय खिलाड़ी नहीं

भारतीय खिलाड़ी
इमेज कैप्शन, महिला टीम में भारत की रुमेली धर को शामिल किया गया है.
प्रकाशित

टी-20 के लिए आईसीसी टीम ऑफ़ द टूर्नामेंट में एक भी भारतीय पुरुष खिलाड़ी का नाम नहीं है जबकि महिलाओं ने ज़रूर अपनी मौजूदगी दर्ज करवाई है.

आईसीसी ने ट्वेन्टी-20 विश्व कप के बाद विश्व के कई खिलाड़ियों से बनी 12 सदस्यीय टीम की घोषणा की है पर भारतीय पुरुष खिलाड़ी इससे नदारद हैं.

महिला टीम में भारत की रुमेली धर को शामिल किया गया है.

भारत की पुरुष टीम सुपर-आठ मुकाबले से ही बाहर हो गई थी जबकि महिलाओं की टीम सेमीफ़ाइनल तक पहुँची थी.

आईसीसी की पुरुष टीम की कप्तानी के लिए पाकिस्तान के यूनिस खान को चुना गया है और इसमें कुल चार पाकिस्तानी खिलाड़ी शामिल हैं.

पाकिस्तान के चार खिलाड़ी

फ़ाइनल में मैन ऑफ़ द मैच रहे शाहिद अफ़रीदी का नाम सूची में है तो न्यूज़ीलैंड के खिलाफ़ ट्वेन्टी-20 मैच में पाँच विकेट लेने वाले उमर गुल भी टीम का हिस्सा हैं.

पाकिस्तान की ओर से चौथे खिलाड़ी हैं विकेटकीपर कामरन अकमल.

इसके अलावा विश्व कप में खेलने वाले श्रीलंका के तीन खिलाड़ियों को भी आईसीसी की टीम में जगह मिली है. मैन ऑफ़ द टूर्नामेंट रहे तिलकरत्ने दिलशान टीम में शामिल हैं तो मलिंगा और अजंता मेंडिस भी टीम में हैं.

बाकी की खिलाड़ी सेमीफ़ाइनल तक पहुँचने वाले वेस्टइडीज़ और दक्षिण अफ़्रीका से हैं.

पूरी प्रतियोगिता में गेंदबाज़ों को परेशान करने वाले बल्लेबाज़ क्रिस गेल को आईसीसी ने टी-20 टीम में रखा है. इसके अलावा ड्वेन ब्रावो का नाम भी है.

दक्षिण अफ़्रीका की ओर से कालिस, एबी डे विलियर्स और वेन परनेल को जगह मिली है.

इस टीम को चुनने वाले पैनल में इयन बिशप और टी-20 प्रतियोगिता के निदेशक स्टीव एलवर्दी शामिल है.