बांग्लादेश ने इतिहास रचा

नेश्नल क्रिकेट स्टेडिय, सेंट जॉर्ड, ग्रेनेडा में खेले जाने वाले दूसरे मैच में बांग्लादेश ने वेस्ट इंडीज़ को चार विकेट से हरा कर विदेशी सरज़मीन पर पहली बार कोई टेस्ट सीरीज़ जीती है.
खिलाड़ियों के विद्रोह के कारण वेस्ट इंडीज़ अपनी बिल्कुल नई टीम के साथ इन मैचों में उतरी थी. कप्तान शक़िबुल हसन ने शानदार अंदाज़ में छक्का लगा कर बांग्लादेश के लिए ये ऐतिहासिक जीत दर्ज की. उन्होंने नाबाद 96 रनों की काफ़ी ते़ज़ पारी खेली. उन्होंने ये रन सिर्फ़ 97 गेंदों पर बनाए. इससे पहले उन्होंने सुबह में गेंदबाज़ी करते हुए 70 रन देकर वेस्ट इंडीज़ के पांच विकेट लिए और मेज़बान टीम को 209 रनों पर आउट कर दिया. बांग्लादेश के सामने जीत के लिए 215 रनों का लक्ष्य था लेकिन 67 रनों पर उनके चार विकेट गिर गए उसके बाद कप्तान शक़ीबुल हसन और रक़ीबुल हसन की पाँचवें विकेट के लिए 106 रनों की साझेदारी ने बांग्लादेश की जीत की राह आसान कर दी. अपनी 96 रनों की पारी में शक़ीबुल हसन ने 13 चौके भी लगाए. उन्होंने कहा, "हमारे नौ वर्षों में बांग्लादेश क्रिकेट के लिए ये सबसे बड़ी उपलब्धी है."
उन्होंने कहा "सीरीज़ की इस जीत से हमारा हौसला बढ़ेगा और ये हमें दूसरे लेवेल पर ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा, और अल्लाह की मदद से हम लोग आगे बढ़ेंगे."
उन्होंने कहा "सोमवार को हमलोगों पर दबाव नहीं था क्योंकि हमारे खिलाड़ी बहुत अच्छा खेल रहे थे. ये एक बेहतरीन जीत है." दो टेस्ट मैचों की सीरीज़ में बांग्लादेश ने पिछले हफ़्ते सेंट विंसेंट में पहला मैच 95 रनों से जीता था. शक़ीबुल हसन को उनके ऑलराउंड खेल के लिए मैन ऑफ़ द मैच और मैन ऑफ़ द सीरीज़ दोनों ही चुना गया. इस श्रृंखला के लिए मशर्फ़े मुर्तज़ा को पहली बार बांग्लादेश की कप्तानी सौंपी गई थी लेकिन पहला टेस्ट खेलते हुए घुटने में चोट लग जाने की वजह से वह दूसरा टेस्ट नहीं खेल सके और उनकी जगह उपकप्तान शक़ीबुल हसन ने कप्तानी की. वैसे पहले टेस्ट की जीत के पल में भी उपकप्तान शकीबुल हसन ही उनकी जगह कप्तानी कर रहे थे.
वेस्ट इंडीज़-- 237 (डीएम रिचर्ड्स-69, टीएम डॉलिन-95, महमूदुल्लाह 44-3, शक़ीबुल हसन 59-3, इनामुल हक़ 62-3) और 209 (डॉलिन-49, डीई बर्नार्ड-69, शक़ीबुल हसन- 70-5, इनामुल- 48-3)
बांग्लादेश-- 232 (तमीम इक़बाल-37, रक़बुल हसन- 44, मुश्फ़िक़ुर्रहमा- 48, केए रोश 48-6) और 217-6 (रक़ीबुल हसन-65, शक़ीबुल हसन-96*, डीजे सैमी 55-5)






















