सचिन के और क़रीब पहुँचे पोंटिंग
ऑस्ट्रेलियाई कप्तान रिकी पोंटिंग टेस्ट क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज़ों में तीसरे नंबर पर पहुँच गए हैं. उन्होंने एलन बोर्डर का रिकॉर्ड तोड़ दिया है.
रिकी पोंटिंग ने इंग्लैंड के ख़िलाफ़ एशेज सिरीज़ के दूसरे टेस्ट मैच में यह उपलब्धि हासिल की.
एजबेस्टन में खेले जा रहे इस टेस्ट मैच के दूसरे दिन ऑस्ट्रेलिया की पूरी टीम पहले बल्लेबाज़ी करती हुई 263 रनों पर सिमट गई.
पोंटिंग ने जैसे ही 25 वां रन पूरा किया, दर्शकों ने तालियों से उनका स्वागत किया क्योंकि इसी रन के साथ ही उन्होंने हमवतन खिलाड़ी और पूर्व कप्तान एलन बोर्डर के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया.
आस्ट्रेलियाई कप्तान ने इस मुकाम पर पहुंचने के लिए बोर्डर से 22 टेस्ट मैच कम खेले. बोर्डर ने 156 टेस्ट की 265 पारियों में 50.56 की औसत से 11 हज़ार 174 रन बनाए थे.
पोंटिंग के नाम पर अब 134 टेस्ट मैच की 225 पारियों में 11 हज़ार 188 रन दर्ज हैं जिसमें 38 शतक और 46 अर्धशतक शामिल हैं.
इसके साथ ही वो टेस्ट मैचों में सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले भारत के सचिन तेंदुलकर और वेस्टइंडीज़ के ब्रायन लारा के बाद तीसरे नंबर पर पहुँच गए.
लारा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह चुके हैं. इसलिए अब मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर और पोंटिंग के बीच रनों की होड़ लगी है.
सबसे ज़्यादा टेस्ट रनों का रिकॉर्ड सचिन के नाम है जिन्होंने 159 टेस्ट मैच में 12 हज़ार 773 रन बनाए हैं. लारा ने 131 टेस्ट मैचों में 11 हज़ार 953 रन बनाए.


























