पोंटिंग पर चयनकर्ताओं का भरोसा क़ायम

रिकी पोंटिंग
इमेज कैप्शन, पोंटिंग ने कहा है कि वे अगले ऐशेज़ में भी टीम की कप्तानी करते रहना चाहते हैं
प्रकाशित

रिकी पोंटिंग की कप्तानी में इंग्लैंड में दूसरी बार ऐशेज़ हारने के बावजूद ऑस्ट्रेलियाई टीम की कमान नहीं बदली जाएगी.

ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट चयनसमिति के प्रमुख एंड्र्यू हिल्डिच ने कहा है कि रिकी पोंटिंग टीम के कप्तान बने रहेंगे.

उन्होंने कहा कि पोंटिंग को हटाए जाने की माँग बिल्कुल नाजायज़ है.

एंड्र्यू हिल्डिच ने पोंटिंग का बचाव करते हुए कहा,"पोंटिंग के लिए ये बहुत अच्छी शृंखला रही, वो अत्यधिक दबाव में थे".

हिल्डिच ने साथ ही हार के लिए ऑस्ट्रेलियाई चयनकर्ताओं को भी दोष दिए जाने को ग़लत बताया.

रविवार को ऑस्ट्रेलिया ओवल में इंग्लैंड से पाँचवें और अंतिम टेस्ट मैच में 197 रनों से हार गया था और इंग्लैंड ने शृंखला 2-1 से जीतकर चार साल बाद फिर ऐशेज़ पर कब्ज़ा कर लिया.

इस हार के बाद आईसीसी की वरियता सूची में ऑस्ट्रेलिया पहले स्थान से खिसककर चौथे स्थान पर चला गया.

सूची में दक्षिण अफ़्रीका अब शीर्ष पर है जबकि श्रीलंका और भारत दूसरे और तीसरे नंबर पर हैं.

आलोचना और बचाव

ऐशेज़ में हार के बाद ऑस्ट्रेलियाई प्रेस में पोंटिंग की कप्तानी और चयनकर्ताओं की ख़ासी आलोचना की गई है. कुछ पूर्व क्रिकेटरों ने भी सवाल उठाए हैं.

विशेष तौर पर ओवल के अंतिम टेस्ट मैच में स्पिनर नेथन हॉरिट्ज़ को मैदान पर नहीं उतारे जाने की आलोचना की जा रही है.

ओवल की विकेट स्पिनरों के लिए अच्छी रही. इंग्लैंड के ऑफ़ स्पिनर ग्रेम स्वान ने मैच में आठ विकेट लिए. वहीं ऑस्ट्रेलिया की और से पोंटिंग को अनियमित गेंदबाज़ों मार्कस नॉर्थ और माइकेल क्लार्क से गेंदबाज़ी करवानी पड़ी जिसमें नॉर्थ को चार विकेट मिले.

पूर्व ऑस्ट्रेलिया स्पिनर शेन वॉर्न ने कहा है कि शृंखला के तीन टेस्ट मैचों में खेल चुके नेथन हॉरिट्ज़ के बिना खेलने जाने का फ़ैसला चकित करनेवाला फ़ैसला था.

मगर ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट चयनसमिति के प्रमुख एंड्र्यू हिल्डिच ने कहा है कि चयनकर्ताओं के ऊपर दोष डालना जल्दीबाज़ी होगा.

हिल्डिच ने कहा,"हम 200 रन से हारे हैं जो एक बड़ी हार है, और ऐसे में केवल एक स्पिनर के रहने से पहली पारी में हमें कोई बहुत मदद नहीं मिलती जब हम 160 पर आउट हो गए और इसी कारण मैच हार गए."

उन्होंने रिकी पोंटिंग का बचाव करते हुए कहा कि वे इस साल एक युवा टीम लेकर दक्षिण अफ़्रीका गए और वहाँ श्रृंखला जीती.

हिल्डिच ने कहा,"केवल छह-सात महीने लगभग इसी तरह की टीम के साथ हमने दुनिया की नंबर वन टीम को हराया था और तब सबने चयनकर्ताओं की तारीफ़ की थी".

नई टीम

हाल के कुछ वर्षों में ऑस्ट्रेलिया को अपने कई स्थापित खिलाड़ियों का साथ खोना पडा है.

शेन वॉर्न, ग्लेन मैक्ग्रा, एडम गिलक्रिस्ट, मैथ्यू हेडेन और जस्टिन लैंगर जैसे अनुभवी खिलाड़ी रिटायर हो चुके हैं.

इस बारे में हिल्डिच ने कहा,"हम निश्चित तौर पर पुनर्निर्माण की स्थिति में हैं. अभी हमारी टीम अपेक्षाकृत कम अनुभवी है जिसके प्रदर्शन में उतार-चढ़ाव दिखता रहता है".

नई टीम की बात रिकी पोंटिंग ने भी की है और कहा है कि टीम बेहतर हो रही है.

पोंटिंग ने कहा कि वे इस टीम की कप्तानी करते रहना चाहते हैं.

उन्होंने कहा,"इस हार के बाद अपने आपको और बेहतर खिलाड़ी और कप्तान बनाने के लिए मेरा इरादा और मज़बूत हुआ है".

पोंटिंग ने उम्मीद जताई कि उन्हें ऑस्ट्रेलिया में एक बार फिर ऐशेज़ खेलने का मौक़ा मिलेगा.