भारत ने फिर जीता नेहरू कप

पेनल्टी शूट आउट तक खिंचे मुक़ाबले में भारत ने सीरिया को हरा कर लगातार दूसरी बार नेहरू कप पर क़ब्ज़ा कर लिया है.
भारत की जीत के हीरो रहे गोलकीपर सुब्रत पॉल जिन्होंने पेनल्टी शूटआउट में तीन शानदार बचाव किए और भारत ने 5-4 से मुक़ाबला अपने नाम कर लिया.
दिल्ली के अंबेडकर स्टेडियम में दुधिया रोशनी में हुए इस मुक़ाबले में भारत ने शुरु से ही ज़बर्दस्त खेल दिखाया लेकिन निर्धारित समय में कोई गोल नहीं हो सका.
खचाखच भरे स्टेडियम में जब अतिरिक्त समय में खेल गया तब दोनों ओर से कई शानदार प्रयास हुए लेकिन बाज़ी मारी भारत के रेनेडी सिंह ने.
उन्होंने फ़्री किक के ज़रिए गोल दाग कर भारत को बढ़त दिला दी. लेकिन सीरिया ने जवाबी हमला बोला और आख़िर मिनट में गोल दाग कर मुक़ाबले को बराबर कर दिया.
पेनल्टी शूटआउट
इसके बाद पेनल्टी शूटआउट में भी भारत ने अच्छी शुरुआत की लेकिन एक गोल का अंतर अपने पक्ष करने के बावजूद सीरिया फिर से मुक़ाबला बराबर करने में कामयाब हो गया.
हालाँकि जब विकेटकीपर सुब्रत पॉल ने फिर कमाल दिखाया और सीरिया के स्ट्राइकर के शॉट को रोक कर फ़ैसला भारत के पक्ष में कर दिया.
भारत नेहरू कप में पिछली बार यानी वर्ष 2007 की विजेता टीम थी और उसने सीरिया को ही फ़ाइनल में 1-0 से पराजित किया था.
भारतीय फ़ुटबॉल टीम के कप्तान बाइचुंग भूटिया ने फ़ाइनल मुक़ाबले में पिछले इतिहास को दोहराने की बात कही थी.
भारत प्रतियोगिता के आख़िरी लीग मैच में शनिवार को सीरिया से 1-0 से हार गया था. ऐसे में माना जा रहा है कि मेज़बान टीम के लिए मैच जीतना आसान नहीं होगा. भारत लीग मुक़ाबले मे दो मैच हारा था. पहला लेबनॉन से और दूसरा सीरिया से.
इस टूर्नामेंट में भारत और लेबनॉन के अलावा सीरिया, श्रीलंका और किर्गिस्तान की टीम ने हिस्सा लिया.


























